जमुई से पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट
Azad Samaj Party: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बिहार संगठन के विस्तार के क्रम में प्रदेश महासचिव मोहम्मद इरफान मलिक को गया, औरंगाबाद, नवादा, शेखपुरा एवं जहानाबाद प्रमंडल का प्रभारी नियुक्त किया है. पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है. नियुक्ति की घोषणा के बाद जमुई में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत कर खुशी जतायी.
संगठन विस्तार के तहत मिली नई जिम्मेदारी
जमुई निवासी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश महासचिव मोहम्मद इरफान मलिक को पार्टी ने पांच जिलों वाले महत्वपूर्ण प्रमंडल की जिम्मेदारी सौंपी है. इसकी जानकारी जिला मीडिया प्रभारी नंदलाल कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर बिहार प्रदेश कमेटी का विस्तार किया गया है. इसी क्रम में मोहम्मद इरफान मलिक को गया, औरंगाबाद, नवादा, शेखपुरा एवं जहानाबाद प्रमंडल का प्रभारी बनाया गया है.
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
नियुक्ति की घोषणा होते ही जमुई जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला. उनके आवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी पहुंचे. सभी ने उन्हें फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं. इस दौरान जिला सचिव रणधीर दास, जिला मीडिया प्रभारी नंदलाल कुमार, प्रखंड उपाध्यक्ष इंडियन कुमार, खैरा प्रखंड मीडिया प्रभारी कुंदन भारती, लक्ष्मीपुर प्रखंड अध्यक्ष मनोज दास, राजेश दास सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
बहुजन विचारधारा को मजबूत करने पर रहेगा जोर
Azad Samaj Party: मोहम्मद इरफान मलिक ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं मान्यवर कांशीराम की बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. इसके लिए प्रमंडल के प्रत्येक गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा.
बूथ स्तर तक संगठन को मिलेगा विस्तार
उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन विस्तार अभियान चलाया जाएगा. युवाओं, महिलाओं और वंचित समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों के मुद्दों को लेकर जनसंपर्क अभियान भी तेज किया जाएगा. पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रमंडल क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा.
ALSO READ: बेली ब्रिज का साइड प्लेट टूटा, लोगों में बढ़ी चिंता
