Jamui Crime News: सोनो (जमुई). चरकापत्थर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार शाम 20 वर्षीय नवविवाहिता से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया. पीड़िता के अनुसार उसका पति मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गया था और वह घर में अकेली थी. इसी दौरान पड़ोसी युवक शराब के नशे में उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा. महिला के विरोध और शोर मचाने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.
पति के घर से बाहर जाने के बाद घर में घुसा आरोपित
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार को उसका पति मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गया था. वापस लौटने के दौरान वह राशन का सामान लेने दुकान चला गया. इसी बीच शाम करीब सात बजे पड़ोसी युवक भुजल यादव शराब के नशे में उसके घर में घुस आया. उसने पहले महिला के पति के बारे में पूछा और पति के घर पर नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद उसके साथ जबरदस्ती करने लगा.
शोर मचाकर महिला ने खुद को बचाया
आरोप है कि युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. महिला ने शोर मचाते हुए आरोपित को धक्का दिया और किसी तरह घर से बाहर निकल गई. उसके शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे. लोगों को आता देख आरोपित युवक वहां से फरार हो गया.
पति को बताई पूरी घटना
पति के घर लौटने के बाद पीड़िता ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद महिला अपने पति के साथ आरोपित के घर पहुंची और घटना की शिकायत की. शुक्रवार को पीड़िता चरकापत्थर थाना पहुंची और पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.
पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए 25 वर्षीय भुजल यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने पीड़िता की चिकित्सीय जांच भी कराई है. मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
थानाध्यक्ष ने कहा, जांच जारी
Jamui Crime News: चरकापत्थर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है. घटनास्थल से एफएसएल टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और पीड़िता की चिकित्सीय जांच कराई गई है. पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है.
