गिद्धौर. थाना क्षेत्र के रतनपुर स्थित अखिलेश्वर उच्च विद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ मनचले युवकों द्वारा छेड़खानी के प्रयास का मामला सामने आया है. घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. जानकारी के अनुसार, विद्यालय की दो छात्राओं का बीते दो-तीन दिनों से कुछ स्थानीय युवक पीछा कर परेशान कर रहे थे. शुक्रवार को आरोपित युवक छात्रा का पीछा करते हुए स्कूल परिसर तक पहुंच गए. इस दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. हालांकि पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय बुद्धिजीवियों की पहल पर आरोपित युवकों को डांट-फटकार कर छोड़ दिया गया. छात्रा ने बताया कि कुछ युवक अक्सर विद्यालय परिसर के आसपास अड्डा जमाए रहते हैं, जिससे छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने इस पर नाराजगी जताते हुए नियमित पुलिस गश्ती की मांग की है. मामले की जानकारी मिलते ही रतनपुर पंचायत के पूर्व मुखिया राजेश सिंह और वर्तमान मुखिया भोला यादव विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस पहल करने की बात कही. फिलहाल इस मामले में गिद्धौर थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है.
छात्रा से छेड़खानी का प्रयास, स्कूल तक पीछा करने का आरोप
थाना क्षेत्र के रतनपुर स्थित अखिलेश्वर उच्च विद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ मनचले युवकों द्वारा छेड़खानी के प्रयास का मामला सामने आया है.
