वृद्ध मां ने बेटा-बहू पर मारपीट का लगाया आरोप, दिया आवेदन

थाना क्षेत्र के पतसंडा गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट और जबरन फसल काटने का मामला सामने आया है.

गिद्धौर. थाना क्षेत्र के पतसंडा गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट और जबरन फसल काटने का मामला सामने आया है. पीड़िता शांति देवी (पति स्व. लखन यादव) ने अपने ही बेटे और बहुओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए गिद्धौर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. पीड़िता के अनुसार, उन्हें जीविका चलाने के लिए पंचों द्वारा 10 कट्ठा जमीन दी गयी थी, जिस पर लगी गेहूं की फसल को उनके पुत्र अभय यादव और बहुएं बबीता देवी व गनिता देवी ने मिलकर जबरन काट लिया. शांति देवी का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो बहुओं ने उन्हें जमीन पर पटक कर मारपीट की. उन्होंने यह भी बताया कि उनका पुत्र अक्सर उनके साथ अभद्र व्यवहार करता है. बीच-बचाव करने पहुंचे बड़े बेटे अशोक यादव के साथ भी आरोपितों ने दुर्व्यवहार किया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. पीड़िता ने आवेदन में बताया कि उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती है, इसके बावजूद उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. उन्होंने थानाध्यक्ष से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि वह अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रही हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पीड़िता ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें बुढ़ापे में न्याय और सुरक्षा मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >