हीट वेव और संभावित सुखाड़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट, प्रभारी सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

आम लोगों को राहत पहुंचाने और प्रशासनिक तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जमुई जिले के प्रभारी सचिव डॉ कौशल किशोर ने जिले का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की

जमुई.

जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और संभावित सुखाड़ की आशंका को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. आम लोगों को राहत पहुंचाने और प्रशासनिक तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जमुई जिले के प्रभारी सचिव डॉ कौशल किशोर ने जिले का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की. इस दौरान जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने उनका स्वागत किया. डीपीआरओ डॉ मेनका कुमारी ने कहा कि समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिले की भौगोलिक स्थिति, पेयजल व्यवस्था तथा हीट वेव से निपटने के लिए अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रभारी सचिव को दी. बैठक में प्रभारी सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि विपरीत मौसम में आम नागरिकों को त्वरित राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.

सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्था करें दुरुस्त

उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में एकीकृत नियंत्रण कक्ष को चौबीसों घंटे सक्रिय रखा जाये, ताकि लोगों की शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके. स्वास्थ्य विभाग को सदर अस्पताल और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस, आवश्यक दवाएं तथा एम्बुलेंस सेवाएं दुरुस्त रखने को कहा गया. वहीं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति, विद्युत विभाग को नियमित बिजली आपूर्ति, पशुपालन विभाग को मवेशियों के लिए पानी और चारे की व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग को हर समय अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया. बैठक में जिला पदाधिकारी ने प्रभारी सचिव को भरोसा दिलाया कि उनके सभी निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाएगा और वर्तमान तैयारियों को और अधिक प्रभावी तथा जनहितकारी बनाया जाएगा. उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा आपसी तालमेल के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके. बैठक में अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, सिविल सर्जन, पीएचईडी एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला पशुपालन पदाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >