अलीगंज. प्रखंड क्षेत्र के इस्लामनगर गांव में शुक्रवार को सांड के हमले से घायल व्यक्ति ने इलाज के क्रम में शनिवार की सुबह दम तोड़ दिया. मृतक इस्लामनगर गांव निवासी 70 वर्षीय धनी यादव हैं. वहीं शुक्रवार को भी सांड के हमले से 80 वर्षीय बालकिशन यादव की मौत हो गयी थी, जबकि सांड के हमले में घायल एक महिला सहित चार लोग इलाजरत हैं. हालांकि मामले की सूचना मिलते ही अधिकारी के निर्देश पर सांड को रेस्क्यू कर लिया गया. पशुपालन विभाग के डॉ अमरेंद्र आनंद ने बताया कि इस्लामनगर गांव में कई दिनों से एक सांड उत्पात मचा रहा था. उसकी चपेट में आने से दो वृद्धजनों की मौत होने की सूचना मिली है, जबकि कई लोग घायल हैं. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही विभाग के कर्मियों ने स्थानीय प्रशासन की मदद से काफी मशक्कत के बाद सांड को रेस्क्यू कर लिया. उन्होंने बताया कि जांच के उपरांत पता चला है कि सांड लाइलाज रोग से ग्रसित है. जानवर को अगर यह बीमारी हो जाता है तो वह मानसिक संतुलन खो देता है और जानलेवा हमला करने लगता है. सांड को रेस्क्यू करने के बाद उसे गड्ढे में रखा गया था. इसके बाद उसकी मौत हो गयी, विभागीय प्रक्रिया कर उसके शरीर को डिस्पोजल करवाया गया. सीओ रंजन कुमार दिवाकर ने बताया कि मृतक के परिजनों को विभाग के नियमों के अनुसार मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
