सदर अस्पताल की लिफ्ट में 45 मिनट फंसा रहा व्यक्ति, टेक्नीशियन ने सुरक्षित निकाला
जमुई. सदर अस्पताल में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब अस्पताल परिसर में लगी लिफ्ट अचानक खराब हो गयी और उसमें एक व्यक्ति फंस गया. घटना के बाद अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों व लोगों की भीड़ लिफ्ट के पास जुट गयी. बताया जाता है कि मरीजों की सुविधा के लिए लगी लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर से दूसरे मंजिल पर पहुंचते ही अचानक बंद हो गयी और उसका दरवाजा नहीं खुला. इसी दौरान लिफ्ट में सवार एक व्यक्ति अंदर ही फंस गया. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया और लिफ्ट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली. करीब 45 मिनट तक व्यक्ति लिफ्ट के अंदर ही फंसा रहा. बाद में टेक्नीशियन को बुलाया गया, जिसके प्रयास से लिफ्ट का दरवाजा खोला जा सका और फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बाहर निकलते ही व्यक्ति और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली. जानकारी के अनुसार, उक्त व्यक्ति अपने एक रिश्तेदार के प्रसव को लेकर सदर अस्पताल आया था और लिफ्ट से ऊपर जा रहा था, तभी यह घटना हुई. इस संबंध में अस्पताल प्रबंधक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट अचानक बंद हो गयी थी. हालांकि, समय रहते व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और स्थिति अब सामान्य है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.