सफलता. गिद्धाडीह में सुरक्षा बलों ने चलाया सर्च अभियान
चरकापत्थर थाना क्षेत्र के गिद्धाडीह पहाड़ी से गिरफ्तार नक्सली भरत यादव की योजना कच्ची रास्ते पर स्थित पुलिया में विस्फोटक लगाने की थी. इस पर सुरक्षा बलों ने पानी फेर दिया है.
सोनो : चरकापत्थर थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित गिद्धाडीह पहाड़ी के समीप से सुरक्षा बलों ने मंगलवार के तड़के सुबह भरत यादव नामक एक नक्सली को विस्फोटक सामग्रियों के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार नक्सली 25 वर्षीय भरत इसी थाना क्षेत्र के रजौन पंचायत अंतर्गत नावाआहर गांव का रहने वाला है. भरत यादव नक्सली कमांडर सुरंग यादव के दस्ते का सदस्य है. एएसपी डीएन पांडेय के नेतृत्व में सर्च अभियान में लगे सुरक्षा बलों ने भरत को तब पकड़ा जब उसे संदिग्ध स्थिति में देखा गया.
पूछताछ के बाद उसने समीप ही जरकारा से पहाड़ी की ओर जानेवाली कच्ची सड़क पर स्थित पुलिया के नीचे विस्फोटक लगाने की योजना के संदर्भ में बताया. सुरक्षा बलों ने पुलिया के नीचे छुपा कर रखे गये तीन केन बम, डेटोनेटर, जिलेटिन की छड व बिजली का 30 मीटर तार को बरामद किया.उसने पुलिस के समक्ष बताया कि इस सड़क से होकर सर्च अभियान में निकलने वाले सुरक्षा बलों को उड़ने की योजना थी.
इस बाबत थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि जिस वक्त भरत सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़ा उस वक्त सुरंग यादव अपने दस्ते के साथ जंगल में छिपा था. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली भारत सुरंग दस्ते का सक्रिय सदस्य है. वह एसएलआर लेकर दस्ते के साथ चलता था. दो वर्ष पूर्व वह संगठन से जुडा था. दो दिन पूर्व ठेलपत्थर गाव के समीप विस्फोटक प्लांट करते जिन दो नक्सली सुरेश व अनवर को गिरफ्तार किया गया था उससे भी इसके गहरे संबंध है.
पूर्व के नक्सली वारदातों में रही है भरत यादव की संलिप्तता : भरत की संलिप्तता पूर्व के कई नक्सली वारदातों में भी रही है. थानाध्यक्ष बताते हैं कि यह बीते रविवार की सुबह विस्फोटक प्लांट करते दो नक्सलियों का साथ दे रहा था जिस वजह से कांड संख्या 91/2017 के अलावे चरकापत्थर थाना कांड संख्या 27/2017 में भी भरत नामजद है. इस कांड में यह नावाआहर निवासी नक्सली सऊदी यादव के साथ पुलिस पर हमला करने की योजना बना रहा था. सऊदी यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया था. उन्होंने बताया कि इसके अलावे दुधानिया में हेमन यादव की नक्सलियों द्वारा की गयी हत्या, चरैया डैम पर कुणाल यादव की हुई हत्या व चकई में चौकीदार समेत तीन लोगों की नक्सलियों द्वारा की गयी हत्या में भी भरत ने अपनी संलिप्तता स्वीकार है.
लगातार चल रहे अभियान का असर
इस इलाके के जंगली पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों की जमावड़ा की सूचना पर एएसपी अभियान डीएन पांडेय के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के अलावे सीआरपीएफ महेश्वरी, एसएसबी चरकापत्थर व एसटीएफ झाझा द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा जा रहा है. इसी क्रम में रविवार की सुबह सड़क के नीचे विस्फोटक प्लांट करते दो नक्सली गिरफ्तार किये गये थे जबकि मंगलवार की सुबह विस्फोटक के साथ भरत पकड़ा गया. लगातार मिल रही सफलता से सुरक्षा बल बेहद उत्साहित है.
