बटिया के समीप पीछा कर गश्ती पुलिस ने पकड़ा
चालक के अलावा ट्रैक्टर मालिक चरकापत्थर थाना क्षेत्र के बरमानी गांव निवासी प्रकाश यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
सोनो : स्थानीय थाने के गश्ती पुलिस दल द्वारा बीते मंगलवार की देर रात अवैध रूप से उत्खनन किये गये अबरक भरा ट्रैक्टर जब्त किया गया. मौके से ट्रैक्टर चालक चरकापत्थर थाना क्षेत्र के खोटवा गांव निवासी शुकदेव यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया. गश्ती दल का नेतृत्व कर रहे एसआइ राज किशोर साह द्वारा अबरक के अवैध उत्खनन व उसकी बिक्री के आरोप में गिरफ्तार ट्रैक्टर चालक के अलावे ट्रैक्टर मालिक चरकापत्थर थाना क्षेत्र के बरमानी गांव निवासी प्रकाश यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया गया है.
उन्होंने लिखा कि जब मंगलवार की देर रात्रि जब वे बटिया में गश्ती कर रहे थे तभी चकाई की ओर से आ रहा लाल रंग का एक बिना नंबर का महेन्द्रा ट्रैक्टर पुलिस को देख वापस बटिया जंगल की ओर भागने लगा जिसे पीछा कर शंकर लाइन होटल के समीप पकड़ लिया गया. जांच के दौरान पाया गया कि ट्रैक्टर के डाला में अबरख भरा हुआ है. इसके बाद चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर को थाना लाया गया.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
उक्त मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि जब्त अबरक की अनुमानित कीमत पचीस से तीस हजार रूपये की होगी. उन्होंने बताया कि अबरख में लगे मिट्टी से लगता है कि आस पास के पहाड़ी जंगली क्षेत्र से चोरी छिपे खुदाई कर अबरख निकाला गया है
जिसे रातों रात बेचा जाना था. बताते चलें कि प्रखंड के पश्चिमी भाग में चरकापत्थर थाना क्षेत्र व प्रखंड के पूर्वी दक्षिणी भाग के दूरस्थ क्षेत्र में जमीन के नीचे अबरख व गोमेद सहित कई खनिज संपदा है. इस क्षेत्र में गोमेद पत्थर व अबरक का अवैध उत्खनन की बात समय-समय पर उजागर भी होता रहा है.
