चानन : शुक्रवार को 131 बटालियन (सीआरपीएफ) के सहायक कमांडेंट एसएन मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें जानकीडीह, शिवडीह, बासकुंड डैम, कछुआ कोड़ासी, सतघरवा कोड़ासी सहित कई जगहों पर नक्सलियों के विरुद्ध छापेमारी की गयी. हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की कोई सफलता हाथ नहीं लगी. इस संबंध में सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सर्च अभियान तीन दिनों से लगातार चल रहा था, जो समाप्त हो गया है. इस अभियान में एसटीएफ, जिला पुलिस तथा सीआरपीएफ के जवान शामिल थे.
सर्च अभियान के दौरान सीआरपीएफ जवान घायल
कछुआ कोड़ासी जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नाला पार करने के दौरान एक सीआरपीएफ जवान का गिरने से पैर टूट गया़ सर्च अभियान के दौरान बन्नू बगीचा कैंप में तैनात सहरसा निवासी महेश्वरी यादव का पुत्र सीआरपीएफ जवान शंभु कुमार जंगल में एक बड़ा नाला पार करने के दौरान असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गयी तथा रक्तस्राव होने लगा़ आनन-फानन में सर्च अभियान को रोक सीआरपीएफ जवान को लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ विपिन कुमार ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद जवान की हालत की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया़
