खैरा. प्रखंड अंतर्गत धरमपुर नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को फाइलेरिया की दवा खाने से 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ गयी. सभी को एंबुलेंस से खैरा अस्पताल लाकर इलाज किया गया। बताया जाता है कि दोपहर करीब दो बजे फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत बच्चों को दवा खिलाई गई. दवा सेवन के कुछ ही देर बाद करीब 10 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गयी, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. दवा खाने के बाद कुछ बच्चों को उल्टी, बुखार और सिरदर्द की शिकायत होने लगी. स्थिति बिगड़ती देख विद्यालय प्रशासन और मौके पर मौजूद एएनएम द्वारा इसकी जानकारी खैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी गयी. जिसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर सभी 10 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा लाया गया. वहां चिकित्सकों की देखरेख में बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों ने बताया कि दवा के सेवन के बाद कभी-कभी हल्की प्रतिकूल प्रतिक्रिया देखी जाती है, जो सामान्य उपचार से ठीक हो जाती है. उपचार के उपरांत सभी बच्चों को एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित उनके घर पहुंचा दिया गया. घटना के बाद अभिभावकों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा.
फाइलेरिया की दवा खाने से 10 बच्चे की तबीयत बिगड़ी
प्रखंड अंतर्गत धरमपुर नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को फाइलेरिया की दवा खाने से 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ गयी.
