Hajipur News : वैशाली जिले के हाजीपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय अस्तिपुर में शुक्रवार को प्रधानाध्यापक विजय कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उनके लंबे शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए सम्मानित किया और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की.
सम्मान समारोह में भावुक हुआ विद्यालय परिवार
मध्य विद्यालय अस्तिपुर में आयोजित विदाई समारोह के दौरान सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक विजय कुमार सिंह का फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया. वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए विद्यालय परिवार और उपस्थित लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी.
विधायक ने कहा, शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते
समारोह के मुख्य अतिथि हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, बल्कि उनकी जिम्मेदारियों का स्वरूप बदल जाता है. उन्होंने कहा कि विजय कुमार सिंह ने अपने सेवाकाल में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, विद्यालय के विकास और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनका कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा.
डीईओ ने कार्यशैली और निष्ठा की सराहना की
जिला शिक्षा पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि विजय कुमार सिंह ने प्रधानाध्यापक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया. विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों के बीच समन्वय और विद्यार्थियों के हित में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखी और सम्मानजनक सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं.
वक्ताओं ने बताया प्रेरणादायी व्यक्तित्व
समारोह में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि विजय कुमार सिंह केवल प्रधानाध्यापक ही नहीं, बल्कि सहकर्मियों के मार्गदर्शक और विद्यार्थियों के लिए स्नेहिल अभिभावक भी रहे. उनका सरल स्वभाव, सहयोगात्मक कार्यशैली और शिक्षा के प्रति समर्पण उन्हें सभी के बीच विशेष पहचान दिलाता है. उन्होंने अपने कार्यों से ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया.
विजय कुमार सिंह ने जताया आभार
अपने संबोधन में विजय कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय से जुड़ी स्मृतियां उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं. उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सहकर्मी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और शिक्षक
समारोह में रंजीत कुमार चौधरी, धनंजय कुमार मिश्रा, दिलीप कुमार पासवान, लड्डू पासवान, रूपेश चंद्र, संजय कुमार सिंह, मो. इम्तियाज आलम, किरण कुमारी, रीमा कुमारी तिवारी, सुरभि प्रिया, अर्चना कुमारी, अरविंद कुमार राय, सरपंच बैद्यनाथ राय, दिग्विजय चौधरी, पप्पू तिवारी, उपप्रमुख नंदकिशोर सिंह सहित कई शिक्षक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
