Hajipur News : वैशाली जिले के पटेढ़ी बेलसर में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को बेलसर थाना क्षेत्र में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. बेलसर, सोरहत्था, मुजापाकड़, पटेढ़ा, अफरौल, बहोरखा समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए. जुलूस में इस्लामिक झंडों के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी आकर्षण का केंद्र रहा. मोहम्मद साहब के अनुयायी हाथों में तिरंगा लेकर जुलूस में शामिल हुए और धार्मिक आस्था के साथ देशप्रेम एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया.
जगह-जगह हुआ जुलूस का स्वागत
जुलूस के दौरान क्षेत्र में अमन-शांति और भाईचारे का माहौल देखने को मिला. जगह-जगह लोग जुलूस का स्वागत करते नजर आए. तिरंगे के साथ निकले जुलूस ने धार्मिक सौहार्द के साथ राष्ट्रीय एकता की भावना को भी मजबूती दी.
सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद
जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. एहतियात के तौर पर जुलूस के मार्ग और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. राजस्व अधिकारी सह प्रभारी अंचलाधिकारी रामेश्वर सिंह, थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनुराधा कुमारी, मनीष कुमार, शैलेश कुमार, स्वरूप नारायण एवं आरपी यादव विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे.
मानवता, प्रेम और भाईचारे का दिया संदेश
शिक्षाविद सरफराज अहमद एवं मोहम्मद सलीम ने बताया कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के मौके पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालने की परंपरा है. उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने मानवता, प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश दिया. जन्मदिन के मौके पर क्षेत्र और देश में अमन-शांति, खुशहाली एवं आपसी भाईचारे की दुआ की जाती है. इस बार जुलूस में तिरंगे की मौजूदगी ने धार्मिक आस्था के साथ देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को भी उजागर किया.
