बिदुपुर (वैशाली). थाना क्षेत्र के बिदुपुर बाजार स्थित गांधी चौक पर बने प्रसिद्ध महावीर मंदिर में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में मंदिर के मुख्य ग्रिल का ताला तोड़ा, अंदर रखी दानपेटी को घसीटकर बाहर निकाला और उसे काटकर सारा चढ़ावा समेटकर फरार हो गए. सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई.
सुबह मंदिर पहुंचे अध्यक्ष तो टूटा मिला ताला
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विनोद राय के अनुसार, वे रोजाना की तरह रात करीब 8:30 बजे पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद दानपेटी को बाहर से उठाकर भगवान हनुमान की प्रतिमा के पास सुरक्षित रख गए थे. इसके बाद मुख्य ग्रिल में ताला जड़कर वे घर चले गए. रविवार तड़के करीब 4:00 बजे जब वे मंदिर पहुंचे, तो ग्रिल का ताला टूटा हुआ देख सन्न रह गए. प्रतिमा के पास रखी दानपेटी बाहर फर्श पर टूटी पड़ी थी और कुछ सिक्के व नोट बिखरे थे, जबकि सारा बड़ा कैश गायब था.
हसुआ से पेटी तोड़ते CCTV में दिखा चोर
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 की पुलिस टीम को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मंदिर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज में एक चोर हाथ में धारदार हसुआ लेकर दानपेटी को काफी देर तक काटते और उससे नकदी निकालते साफ नजर आ रहा है. चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चुपके से फरार हो गया. पुलिस फुटेज के आधार पर चोर के हुलिए का मिलान कर उसकी पहचान में जुटी है.
रविवार को खुलनी थी साल भर की पेटी
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि यह दानपेटी साल में केवल एक बार दुर्गा पूजा के मौके पर ही खोली जाती है. हर साल पेटी से लगभग 50 से 60 हजार रुपये की राशि निकलती थी. कमेटी के बीच इसी रविवार को दानपेटी खोलने और चढ़ावे की गिनती करने की योजना बन रही थी, लेकिन पेटी खुलने से ठीक पहले ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया. कमेटी के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में दानपेटी की औपचारिक जांच के बाद ही चोरी हुई सटीक रकम का खुलासा हो सकेगा.
Also Read: हाजीपुर: अपहरण के तीन दिन बाद सोनीपत में मिलीं दो नाबालिग छात्राएं, CDR के जरिए पुलिस को मिला सुराग
