लालगंज (वैशाली) से सुशील कुमार सिंह की रिपोर्ट
Hajipur News : लालगंज थाना क्षेत्र के सररिया पंचायत में निर्माणाधीन पीसीसी सड़क को उखाड़े जाने का मामला सामने आया है. पंचायत की मुखिया उर्मिला राय ने इस संबंध में लालगंज थाना में लिखित आवेदन देकर तीन लोगों पर रंगदारी मांगने और सड़क को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है.
मुखिया द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार सररिया पंचायत के खंजहाचक गांव स्थित वार्ड संख्या-09 में बदरी राय के घर से मंदीप राय के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा था. आरोप है कि 5 जून की शाम करीब पांच बजे गांव के पवन राय तथा उनके पुत्र राजीव कुमार और अभिषेक कुमार वहां पहुंचे और 50 हजार रुपये की रंगदारी की मांग करने लगे.
रंगदारी नहीं देने पर पीसीसी उखाड़ देने की धमकी
आवेदन में कहा गया है कि रंगदारी की राशि नहीं देने पर सड़क उखाड़ देने की धमकी दी गई. मुखिया का आरोप है कि विरोध करने के बाद आरोपितों ने लोडर मशीन की मदद से निर्माणाधीन सड़क को उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया.
मुखिया उर्मिला राय ने मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. उन्होंने अपने आवेदन की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) को भी भेजी है.
दूसरे पक्ष ने मुखिया के खिलाफ दिया आवेदन
मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है. लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि पवन राय के पुत्र राजीव कुमार ने भी मुखिया के खिलाफ आवेदन दिया है.
आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जा रही
थानाध्यक्ष के अनुसार आवेदन में कहा गया है कि सड़क निर्माण कार्य सरकारी प्राक्कलन (स्टीमेट) के अनुरूप नहीं कराया जा रहा था. इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी और उसी के विरोध में सड़क को उखाड़ा गया.
उन्होंने बताया कि मुखिया द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : राजापाकर में ग्रामीणों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर, 50 लोगों की हुई जांच
