यजमानी को निकले नाई की विजयपुरा में मिला शव, शरीर पर चोट व चाकू के निशान मिले

Hajipur News : दोपहर घर से निकले थे. लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कही पता नहीं चल सका. सुबह विजयपुरा गांव में शंभू का शव मिला.

हाजीपुर (वैशाली) से गोपाल कुमार राय की रिपोर्ट

Hajipur News : बलिगांव थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव में रविवार को एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के लोहरगामा कटेसर गांव निवासी 52 वर्षीय शंभू ठाकुर उर्फ नन्हकी के रूप में की गई है. शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया.

जानकारी के अनुसार, शंभू ठाकुर शनिवार दोपहर घर से यजमानी करने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका. रविवार की सुबह ग्रामीणों ने विजयपुरा गांव में शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे.

शरीर पर मिले चोट और चाकू के निशान

मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई. मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए, जबकि कुछ स्थानों पर चाकू से वार के घाव भी मिले. इसके बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे.

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के लगभग चार घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया.

पुलिस कार्रवाई और ग्रामीणों का विरोध

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से लोगों को समझाने का प्रयास किया.

हालांकि, आक्रोशित लोग वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया.

पांच घंटे बाद शांत हुआ मामला

करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रयास से लोगों को शांत कराया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.

Also Read : राजेंद्र नगर बस स्टैंड की जमीन कब्जाने का मामला, गोपालगंज कोर्ट में आरोपी की जमानत अर्जी खारिज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >