Hajipur News : ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार की रात करीब 12 बजे अचानक बिजली गुल हो गयी. इसके बाद शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. करीब आठ घंटे तक बिजली नहीं रहने से सिंघाड़ा टू फीडर से जुड़े दर्जनों गांवों के उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली गुल रहने से रात में लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा, जबकि सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गयी.
कई दिनों से रात में बिजली कटौती की शिकायत
भदवास पंचायत के पूर्व मुखिया विनोद राम ने बताया कि पंचायत के वार्ड संख्या चार में पिछले कई दिनों से रात करीब 10 से 11 बजे बिजली चली जाती है, जो अगले दिन सुबह आती है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गयी, लेकिन नियमित बिजली आपूर्ति की समस्या दूर नहीं हुई.
गुरुवार की रात भी करीब 12 बजे बिजली अचानक गुल हो गयी और सुबह करीब 8 बजे आपूर्ति बहाल हुई. इस दौरान उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई. उपभोक्ताओं ने विभाग के अधिकारियों से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका.
नियमित बिजली आपूर्ति की मांग
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है. उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बिजली कटौती से घरेलू कामकाज के साथ पेयजल और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित होते हैं.
क्या कहते हैं अधिकारी
प्रभारी सहायक विद्युत अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात हुई भारी बारिश के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह 11 केवी बिजली तार पर पेड़-पौधों की डालियां और छज्जा गिर गये थे. इसके अलावा कुछ जगह पिन इंसुलेटर पंचर हो गये थे. रात होने के कारण तत्काल फॉल्ट का पता नहीं चल सका, जिससे कुछ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही.
उन्होंने बताया कि शुक्रवार की अहले सुबह संबंधित जेई और विद्युत कर्मियों ने फॉल्ट का पता लगाकर पंचर इंसुलेटर को ठीक किया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गयी. उन्होंने कहा कि महुआ विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए प्रयासरत है, लेकिन आंधी और बारिश के कारण कभी-कभी तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं.
