Vaishali News : वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मझौली गांव में छापेमारी कर करीब साढ़े चार लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान शराब कारोबार के आरोप में मच्छू राय को गिरफ्तार कर लिया गया.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि मझौली गांव निवासी मच्छू राय अपने घर से चोरी-छिपे अवैध देसी चुलाई शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई.
घर के बाहर छिपाकर रखी थी शराब
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर के मुख्य दरवाजे के पास रखे एक प्लास्टिक के डिब्बे की तलाशी ली. जांच में उसमें से करीब साढ़े चार लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
