Hajipur News : महनार प्रखंड क्षेत्र की पहाड़पुर विशुनपुर पंचायत के कुतुबपुर चौर में पैन नहर का बांध क्षतिग्रस्त होने से बाढ़ का पानी तेजी से आबादी वाले इलाके की ओर बढ़ रहा है. कुतुबपुर, पानापुर पहेमी और पहाड़पुर गांवों में बाढ़ का पानी अब परेशानी बढ़ाने लगा है. खेत पहले ही जलमग्न हो चुके हैं, वहीं आबादी की ओर पानी बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है.
बांध टूटने से गांव की ओर बढ़ रहा पानी
कुतुबपुर निवासी किसान शिलानाथ पासवान ने बताया कि जल संसाधन विभाग की पैन नहर का बांध टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया है. इससे बाढ़ का पानी तेजी से गांव की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि अगर समय रहते प्रशासन और संबंधित विभाग ने पानी के बहाव को रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्य नहीं कराया, तो स्थिति गंभीर हो सकती है.
ग्रामीणों के अनुसार, पानी का बहाव इसी तरह जारी रहा तो अगले एक-दो दिनों में कुतुबपुर गांव की करीब 1000 से 1500 की आबादी बाढ़ से प्रभावित हो सकती है.
फसलें पहले ही हो चुकी हैं जलमग्न
बांध क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी तेजी से खेतों में फैल रहा है. इससे किसानों की फसलें जलमग्न हो गयी हैं. ग्रामीणों को आशंका है कि पानी का स्तर बढ़ने पर कृषि के साथ-साथ आबादी वाले इलाके भी प्रभावित हो सकते हैं.
प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचने की मांग
पंचायत की मुखिया मालती देवी और समाजसेवी राजू सिंह ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की अपील की है. उन्होंने पानी के तेज बहाव को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की.
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते बांध की मरम्मत नहीं करायी गयी और पानी के बहाव को नियंत्रित नहीं किया गया, तो बाढ़ का पानी आबादी वाले इलाके में पहुंचकर बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है.
