वैशाली में मुखिया के मर्डर की साजिश? बिना नंबर की बाइक से पीछे लगे थे हथियारबंद बदमाश, प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पातेपुर के मुखिया मो. सज्जाद अहमद किदवई ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक बड़ी अनहोनी को टाला. ताजपुर जाते समय हथियारबंद बदमाशों ने उनकी रेकी की, जिसके बाद उन्होंने सुरक्षित घर लौटकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

पातेपुर (वैशाली). पातेपुर थाना क्षेत्र के बकाढ़ पंचायत के मुखिया मो. सज्जाद अहमद किदवई की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई. बाइक से ताजपुर जाने के दौरान हथियारबंद बदमाशों द्वारा पीछा और रेकी किए जाने की स्थिति को मुखिया ने समय रहते भांप लिया और बीच रास्ते से सुरक्षित घर लौट आए. मुखिया की आशंका है कि उनकी हत्या की सुपारी देकर साजिश रची जा रही थी. मामले को लेकर मुखिया ने पातेपुर थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है.

ताजपुर जाने के दौरान हुआ पीछा

मुखिया मो. सज्जाद अहमद किदवई ने बताया कि वे दोपहर के समय अपनी बाइक से निजी काम के सिलसिले में ताजपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बहुआरा स्थित एक रेस्टोरेंट के समीप बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक उनके आगे-पीछे मंडराने लगे. मुखिया ने जब अपनी गाड़ी की गति धीमी की, तो बदमाशों ने भी रफ्तार कम कर दी. शक गहराने पर मुखिया ने कोठिया बाजार के पास बाइक रोकी, तो वे संदिग्ध भी कुछ दूरी पर जाकर रुक गए. बदमाशों के पास हथियार जैसी वस्तु दिखने पर मुखिया ने आगे बढ़ने के बजाय तुरंत यू-टर्न लिया और वापस घर लौट आए.

मोबाइल में तस्वीर देखकर की जा रही थी रेकी

घर पहुंचे मुखिया ने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, जिससे परिवार में दहशत फैल गई. मुखिया के अनुसार, पीछा करने वाले बदमाश लगातार मोबाइल में कोई फोटो देखकर उनके चेहरे का मिलान कर रहे थे, जिससे साफ जाहिर होता है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. घटना की खबर फैलते ही मुखिया के आवास पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सभी ने एक सुर में प्रशासन से मुखिया को सुरक्षा मुहैया कराने और बदमाशों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की.

पूर्व में भी दो जनप्रतिनिधियों पर हो चुका है हमला

पातेपुर प्रखंड में जनप्रतिनिधियों पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले बस्ती खोआजपुर पंचायत के मुखिया पति नटवर साह पर बहुआरा से घर लौटते समय अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे. वहीं हाल ही में बलिगांव पंचायत के मुखिया राम इकबाल चौरसिया पर भी एक मामले को सुलझाने के दौरान उग्र भीड़ ने हमला बोल दिया था, जहां उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई थी. लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में गहरा भय व्याप्त है.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पातेपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस की एक टीम ने कोठिया और बहुआरा मार्ग पर लगे विभिन्न दुकानों व प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. हालांकि, फुटेज में बदमाशों के चेहरे स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रहे हैं. इस संबंध में पातेपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि मुखिया के आवेदन पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस तकनीकी अनुसंधान और फुटेज के आधार पर बिना नंबर की बाइक और बदमाशों की शिनाख्त में जुटी है.

Also Read: वैशाली के बिदुपुर में बेखौफ चोर: महावीर मंदिर का ताला तोड़ दानपेटी से उड़ाए हजारों रुपये, CCTV में कैद हुई वारदात

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >