Hajipur Weather: (विनय पटेल, कैफ अहमद) पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को सोमवार दोपहर बड़ी राहत मिली. तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी के बीच अचानक दोपहर करीब 12 बजे मौसम ने करवट ली. देखते ही देखते आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई.
बारिश से धान किसानों की बढ़ी उम्मीद
मानसून की देरी से धान की खेती करने वाले किसान चिंतित थे. खेतों में तैयार हो रहे धान के बिचड़े तेज धूप और पानी की कमी के कारण पीले पड़ने लगे थे. समय पर बारिश नहीं होने से किसानों को रोपनी में देरी और फसल प्रभावित होने की आशंका सता रही थी.
सोमवार की अच्छी बारिश के बाद किसानों को राहत मिली है. किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी नियमित बारिश होती रही तो धान की रोपनी समय पर शुरू हो जाएगी और फसल को बेहतर लाभ मिलेगा.
मौसम हुआ सुहावना, लोगों ने ली राहत की सांस
झमाझम बारिश के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्म हवाओं से राहत मिली. बारिश के दौरान बच्चे बारिश का आनंद लेते नजर आए, जबकि कई लोग अपने घरों की छतों और बरामदों से मौसम का लुत्फ उठाते दिखे.
कृषि विभाग ने बताया खेती के लिए लाभकारी
प्रखंड कृषि पदाधिकारी बीरेंद्र पासवान ने बताया कि मानसून की पहली अच्छी बारिश धान की खेती के लिए बेहद लाभकारी है. इससे खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी, जिससे बिचड़ों की बढ़वार अच्छी होगी और रोपनी का कार्य भी आसान हो जाएगा.
