Hajipur News: (गोपाल कुमार राय) वैशाली जिले में शराबबंदी कानून को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष जांच अभियान चलाया. यह कार्रवाई राजेंद्र चौक के पास नाला सफाई के दौरान भारी मात्रा में शराब की खाली बोतलें मिलने के करीब दो माह बाद की गई. डीएम और एसपी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया.
शहर के कई प्रमुख स्थानों पर हुई जांच
अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अनवरपुर चौक, गांधी चौक, राजेंद्र चौक, रामाशीष चौक, जौहरी बाजार और पुरानी गंडक पुल समेत कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की. इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों और होटलों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया.
दो बोतल विदेशी शराब के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
जिला प्रशासन के अनुसार पुरानी गंडक पुल रोड से एक ऑटो सवार व्यक्ति को दो बोतल विदेशी शराब (करीब 555 एमएल) के साथ गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
दो माह पहले नाले से मिली थीं भारी मात्रा में खाली शराब की बोतलें
गौरतलब है कि करीब दो माह पहले नगर परिषद द्वारा राजेंद्र चौक पर नाला सफाई के दौरान भारी मात्रा में शराब की खाली बोतलें बरामद हुई थीं. इस घटना ने जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए थे. इसके बाद डीएम और एसपी ने उत्पाद विभाग को विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया था.
शराबबंदी कानून तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने कहा है कि बिहार में लागू पूर्ण मद्य निषेध कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. लोगों से अपील की गई है कि शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री या सेवन से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके.
आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
प्रशासन के अनुसार जिले में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा आगे भी नियमित रूप से विशेष जांच और छापेमारी अभियान चलाया जाएगा. कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
