Hajipur News (शुशील कुमार सिंह): लालगंज थाना क्षेत्र में ठगी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. नुनु बाबू चौक के पास बदमाशों ने एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उनके झोले से एक लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गए.
घर लौटने के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के शाहपुर कासिम निवासी दुखा सिंह सोमवार को किसी काम से स्टेट बैंक लालगंज गए थे. वहां से उन्होंने एक लाख दस हजार रुपये की निकाले और साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जैसे ही वे कॉमर्स कॉलेज नहर के पास पहुंचे, वहां पहले से खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें रुकने का इशारा किया. रुकने पर व्यक्ति ने बातचीत शुरू करते हुए अपनी बेटी की तबीयत खराब होने की बात कही और किसी डॉक्टर के बारे में पूछने लगा.
बातों में उलझाकर बदमाशों ने उड़ाये पैसे
इसी बीच दो अन्य युवक बाइक से वहां पहुंचे और बातचीत में शामिल हो गए. इसी दौरान पहले से खड़े व्यक्ति ने चालाकी से पूछा कि उनके झोले में कितना पैसा है. बातों में उलझाकर बदमाशों ने दुखा सिंह का ध्यान भटका दिया. जब तक वे कुछ समझ पाते, झोले से एक लाख रुपये निकाल लिए गए और उसकी जगह मात्र दस हजार रुपये गमछे में रख दिए गए. इसके बाद तीनों बदमाश बाजार की ओर फरार हो गए.
घर पहुंचने पर जब दुखा सिंह ने झोला देखा, तो उनके होश उड़ गए. झोले में केवल दस हजार रुपये ही बचे थे.
पुलिस मामले की कर रही जांच
इसके बाद वे अपने पुत्र किशन के साथ घटनास्थल पहुंचे और लालगंज थाना को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है. पुलिस मामले की जांच कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश में लगी हुई है.
Also Read: औरंगाबाद में अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई, हटायी गयीं अवैध दुकानें, कई ठेले जब्त
