हाजीपुर (वैशाली) से सुधीर कुमार झा की रिपोर्ट
Hajipur News : वैशाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक सिद्धार्थ पटेल ने रविवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी. इससे पूर्व उन्होंने गोरौल प्रखंड में आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और विभिन्न मुद्दों से रूबरू हुए.
गोरौल प्रखंड सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक ने बताया कि पूरे प्रखंड में 35 सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि आगामी जुलाई से गोरौल स्थित डिग्री कॉलेज में पढ़ाई शुरू हो जाएगी, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
अलग-अलग प्रखंडों में बनेगी डिग्री कॉलेज
विधायक ने यह भी बताया कि पटेढ़ी बेलसर में भी डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई है. उनका लक्ष्य है कि प्रत्येक प्रखंड में अलग-अलग डिग्री कॉलेज उपलब्ध कराया जाए, ताकि उच्च शिक्षा के अवसर स्थानीय स्तर पर ही सुलभ हो सकें.
उन्होंने जानकारी दी कि गोरौल स्थित रेलवे गुमटी संख्या 23 पर आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) निर्माण की स्वीकृति केंद्र सरकार को भेज दी गई है, जिसे अंतिम मंजूरी मिल चुकी है. आगामी मंगलवार को रेलवे द्वारा इसका टेंडर जारी किया जाएगा. इस पुल के निर्माण से गोरौल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित विभिन्न कंपनियों को माल ढुलाई में सुविधा होगी तथा जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी.
सड़क निर्माण के लिए 30 लाख की अतिरिक्त राशि स्वीकृत
बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोरौल में मरीजों की सुविधा के लिए रैम्प निर्माण सहित परिसर में सड़क निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है.
उन्होंने आगे कहा कि ट्रॉमा सेंटर की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके लिए बीडीओ और सीओ को निर्देश दिए गए हैं. जल्द ही गोरौल में ट्रॉमा सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां आपातकालीन मरीजों का समुचित इलाज हो सकेगा.
हाईमास्ट लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू
विधायक ने यह भी बताया कि अपने मद से नगर पंचायत गोरौल में विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा चुकी है. पूरे क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट लगाने की प्रक्रिया जारी है, जिससे रात्रि में प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।.प्रखंड परिसर में शौचालय का निर्माण भी कराया गया है.
प्रेसवार्ता के दौरान जदयू प्रखंड अध्यक्ष उमेश प्रसाद सिंह उर्फ भगवान सिंह, त्रिविक्रम प्रसाद सिंह, अशोक सिंह, राघवेंद्र कुमार सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे.
Also Read : CET-B.Ed.-2026 परीक्षा में प्रशासन अलर्ट, सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी
