हाजीपुर में साधु के वेश में घूम रहे सनकी का आतंक, राहगीरों को धमकाने के बाद युवक के पेट में घोंपा चाकू

बेलवर गांव में साधु का भेष धरकर घूम रहे एक व्यक्ति ने चाकू से राहगीरों को धमकाया. जब मणिकांत शुक्ला अपने दरवाजे पर पहुंचे, तो उन पर चाकू से हमला कर दिया गया. युवक पेट में चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया.

Hajipur Knife Attack : बेलसर थाना क्षेत्र के बेलवर गांव में गुरुवार की रात एक व्यक्ति ने चाकू लेकर जमकर उत्पात मचाया. राहगीरों को धमकाने के दौरान उसने गांव के ही युवक मणिकांत शुक्ला पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू पेट में लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. अधिक रक्तस्राव के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गया.

घटना के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल युवक को मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद गांव में अफरातफरी की स्थिति बन गयी.

चाकू लेकर राहगीरों को धमकाने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, गांव का ही ओम प्रकाश सिंह पिछले कुछ समय से साधु का वेश धारण कर गांव में रह रहा है. गुरुवार की रात गांव में श्राद्धकर्म का भोज था. भोज में शामिल होने के लिए ग्रामीणों का आना-जाना लगा हुआ था.

इसी दौरान ओम प्रकाश सिंह हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को धमकाने लगा. ग्रामीणों के मुताबिक, वह लोगों से कह रहा था कि आज सभी को चाकू मारेंगे. इसी दौरान भोज खाकर मणिकांत शुक्ला अपने दरवाजे पर पहुंचे.

पेट में चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल

बताया गया कि मणिकांत शुक्ला के अपने दरवाजे पर पहुंचते ही आरोपित ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले में उनका पेट बुरी तरह जख्मी हो गया और आंत बाहर निकल आयी.

अधिक रक्तस्राव के कारण मणिकांत मौके पर ही बेहोश हो गए. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

घटना के बाद आरोपित फरार

घटना के बाद आरोपित ओम प्रकाश सिंह घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है. ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर चर्चा है, वहीं घायल युवक के परिजन इलाज को लेकर चिंतित हैं.

इधर, बेलसर पुलिस ने घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता जतायी है. पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में अब तक उन्हें कोई मौखिक या लिखित सूचना नहीं मिली है. सूचना मिलने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनय पटेल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >