दिल्ली में चमका वैशाली का कृषि नवाचार, केले के रेशे से बने उत्पादों ने बटोरी खूब वाहवाही

नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में केवीके वैशाली ने केले के रेशे से बने हस्तशिल्प और मूल्य संवर्धित खाद्य उत्पादों की अपनी अभिनव प्रदर्शनी से धूम मचा दी. विशेषज्ञों ने इन उत्पादों की खूब सराहना की, जो महिला उद्यमिता और किसानों की आय बढ़ाने की अपार संभावनाएं दर्शाते हैं.

KVK Vaishali Banana Fiber Exhibition : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) एवं एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड की ओर से नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में केवीके वैशाली ने अपनी अभिनव प्रदर्शनी से सभी का ध्यान आकर्षित किया. केले के रेशे से बने हस्तशिल्प और मूल्य संवर्धित खाद्य उत्पादों को विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों ने खूब सराहा.

Vaishali News : राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में केवीके वैशाली का शानदार प्रदर्शन

आईसीएआर टेक्नोलॉजी पोर्टफोलियो फॉर कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी कॉन्क्लेव और 98वें आईसीएआर स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केवीके वैशाली के प्रधान डॉ. अनिल कुमार सिंह को प्रदर्शनी लगाने के लिए चयनित किया गया. यह आयोजन कृषि नवाचारों को किसानों तक पहुंचाने और सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया.

केले के रेशे से बने उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

प्रदर्शनी में केले के रेशे से तैयार हस्तशिल्प उत्पादों के साथ-साथ केले से बने विभिन्न मूल्य संवर्धित खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन किया गया. इन उत्पादों ने कृषि अपशिष्ट के बेहतर उपयोग, महिला उद्यमिता, ग्रामीण रोजगार सृजन और किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया.

वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने की नवाचार की सराहना

प्रदर्शनी का अवलोकन आईसीएआर-अटारी, जोन पटना के निदेशक एवं सहायक महानिदेशक डॉ. आर.के. सिंह सहित कई वरिष्ठ वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया. सभी ने केले आधारित मूल्य संवर्धन और केला रेशा हस्तशिल्प के क्षेत्र में केवीके वैशाली के प्रयासों की सराहना की.

महिला समूहों और किसानों के लिए खुलेंगे नए अवसर

केवीके वैशाली की प्रदर्शनी किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण युवाओं के लिए केला आधारित प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और उद्यमिता के नए अवसरों का प्रभावी मंच बनकर उभरी. कार्यक्रम में कृषि अनुसंधान संस्थानों, उद्योग जगत और विस्तार तंत्र के बीच सहयोग को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rahul Ray

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >