Achhelal Yadav Death: उचकागांव प्रखंड के नवादा परसौनी पंचायत के पूर्व मुखिया अच्छेलाल यादव का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों और समर्थकों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सड़क हादसे में गंभीर रूप से हुए थे घायल
बताया जाता है कि नवादा परसौनी पंचायत के मनबोध परसौनी गांव निवासी और मुखिया संघ के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अच्छेलाल यादव करीब 15 दिन पहले एक युवक के साथ बाइक से कुचायकोट से सासामुसा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बेलबनवा मंदिर के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में अच्छेलाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गये.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया. वहां स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें दिल्ली के निजी अस्पताल ले गये.
सिर में खून का थक्का जमने के बाद हुआ था ऑपरेशन
दिल्ली के अस्पताल में जांच के दौरान उनके सिर में खून का थक्का जमने की बात सामने आयी. इसके बाद उनका ऑपरेशन किया गया. पिछले पांच दिनों से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. इसी दौरान गुरुवार को इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गयी.
पंचायत की राजनीति में सक्रिय रहे अच्छेलाल यादव
दिवंगत पूर्व मुखिया अच्छेलाल यादव का लंबा सामाजिक और राजनीतिक सफर रहा. वह वर्ष 2011 से 2016 तक नवादा परसौनी पंचायत के सरपंच रहे. इसके बाद वर्ष 2016 में हुए पंचायत चुनाव में वह पंचायत के मुखिया निर्वाचित हुए. वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद वह पंचायत और आसपास के क्षेत्रों की सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अच्छेलाल यादव के निधन के बाद उनकी पत्नी बिंदु देवी, बड़े बेटे रोहित यादव और छोटे बेटे भुवनेश्वर कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है. उनके निधन से पंचायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में शोक व्याप्त है.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
