गोपालगंज के सिधवलिया में सड़क पर धान रोपकर व्यवसायियों का अनोखा प्रदर्शन, सड़क जाम कर उग्र आंदोलन की चेतावनी

गोपालगंज में सड़क की जर्जर स्थिति और जलजमाव से परेशान स्थानीय व्यवसायियों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने सड़क पर ही धान रोपकर प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है.

Gopalganj News: महम्मदपुर-सिधवलिया मुख्य पथ की जर्जर स्थिति और लगातार हो रहे जलजमाव से नाराज स्थानीय व्यवसायियों ने मंगलवार को महम्मदपुर चौक स्थित सेंट्रल बैंक के समीप सड़क पर धान की रोपनी कर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो सड़क जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा.

सड़क की बदहाली से बढ़ रहा हादसों का खतरा

व्यवसायियों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जलजमाव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. बाइक और ऑटो अक्सर पलट जाते हैं, जबकि चारपहिया वाहन भी गड्ढों में फंस जाते हैं. इससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

अधिकारियों का रोज आना-जाना, फिर भी नहीं हो रही कार्रवाई

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इसी मार्ग से प्रखंड कार्यालय, थाना और निबंधन कार्यालय के अधिकारियों का प्रतिदिन आना-जाना होता है. इसके बावजूद अब तक किसी अधिकारी ने सड़क की बदहाल स्थिति और जलनिकासी की समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है.

एक सप्ताह में मरम्मत नहीं हुई तो होगा सड़क जाम

प्रदर्शन में शामिल व्यवसायी रामबाबू कुमार ने कहा कि यह सड़क अब लोगों के लिए जानलेवा बन चुकी है. प्रतिदिन कोई न कोई व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो रहा है. उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो महम्मदपुर-छपरा पथ को पूरी तरह जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा.

'सड़क पर खेती हो सकती है, वाहन नहीं चल सकते'

व्यवसायी मनोज सिंह ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही की हद हो चुकी है. अधिकारियों के वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन कोई इस गंभीर समस्या की सुध लेने नहीं आता. उन्होंने कहा कि सड़क पर धान की रोपनी कर यह संदेश दिया गया है कि यहां खेती तो हो सकती है, लेकिन वाहन चलाना मुश्किल हो गया है.

दर्जनों व्यवसायी रहे मौजूद

प्रदर्शन में रामबाबू कुमार, मनोज सिंह, अब्दुल समद, दिनेश शाह, समीर आलम, मन्नू कुमार, सोनू पांडेय, जितेंद्र शाह, लाल बाबू सिंह सहित दर्जनों स्थानीय व्यवसायी शामिल रहे. सभी ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की.

Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pawan agarwal

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >