Thawe Police Station: रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर गुरुवार को थावे थाना परिसर में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान संस्था की बहनों ने थाने में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष विभा कुमारी सहित थाने के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए. ब्रह्माकुमारी राजनंदिनी बहन, बीके किरण बहन, बीके सोना बहन और बीके जया किशोर ने पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधा.
प्रेम, विश्वास और भाईचारे का दिया संदेश
ब्रह्माकुमारी बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, विश्वास, भाईचारे, सद्भाव और मानवता का संदेश भी देता है. रक्षा सूत्र बांधकर समाज में एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया.
पुलिसकर्मियों ने भी दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए दिन-रात लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं. ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर रक्षा सूत्र बांधना उनके प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त करने का माध्यम है.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
