Peace Committee Meeting: थावे थाना क्षेत्र के गोपलामठ गांव में महावीरी अखाड़े के आयोजन को लेकर सोमवार की देर शाम शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर धर्मवीर प्रसाद और बीडीओ प्रियांशी प्रिया ने की. बैठक में महावीरी अखाड़े के जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन की ओर से कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये.
डीजे और अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध
बीडीओ प्रियांशी प्रिया ने कहा कि महावीरी अखाड़े के दौरान आर्केस्ट्रा, अश्लील गाने और डांस के साथ डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. उन्होंने अखाड़ा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की.
उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान किसी भी ऐसी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो.
घातक हथियार लेकर जुलूस में शामिल होने पर रोक
प्रशासन ने जुलूस में किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर शामिल होने पर भी रोक लगा दी है. अधिकारियों ने अखाड़ा समिति के सदस्यों से नियमों का पालन सुनिश्चित कराने में सहयोग करने को कहा.
निर्धारित रूट से ही निकलेगा जुलूस
सर्किल इंस्पेक्टर धर्मवीर प्रसाद ने कहा कि महावीरी अखाड़े का जुलूस लाइसेंस में निर्धारित रूट के अनुसार ही निकाला जायेगा. निर्धारित मार्ग से हटकर जुलूस ले जाने या प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने ग्रामीणों और अखाड़ा समिति के सदस्यों से आपसी सहयोग के साथ पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की.
पुलिस-प्रशासन ने की सहयोग की अपील
बैठक में थानाध्यक्ष विभा कुमारी, एसआई नीरज कुमार पांडेय समेत अखाड़ा समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. अधिकारियों ने सभी से महावीरी अखाड़े के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
