- शिक्षकों के सहयोग से होता है घायल छात्र-छात्राओं का इलाज - समस्या का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी फोटो- सेमरा-बथुआ मुख्य मार्ग को जमकर प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं प्रतिनिधि, फुलवरिया. प्रखंड के जगदीशपुर के समीप सेमरा-बथुआ मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर गुरुवार को छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने मुख्य सड़क को जाम कर राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि यह मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल है. मॉडल सहयोगी उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज बथुआ बाजार के सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर स्कूल-कॉलेज आते-जाते हैं. बारिश के कारण मुख्य सड़क पर घुटनों भर पानी जमा हो गया है. जिससे आए दिन बच्चों के ड्रेस खराब हो जाते हैं. प्रदर्शनकारी छात्राओं स्नेहा कुमारी, सुगि खातून और रूबी कुमारी, खुशी कुमारी, रागिनी कुमारी, संजय कुमार आदि ने बताया कि जलजमाव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते. जिससे प्रतिदिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वर्षा के दिनों में कई छात्र-छात्राएं साइकिल सहित गिरकर चोटिल हो चुके हैं. जिन्हें शिक्षकों के सहयोग से स्थानीय स्तर पर इलाज कराना पड़ता है. इस समस्या को लेकर विद्यालय प्रबंधन ने भी कड़ी नाराजगी जतायी है. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र विकास कुमार और रुतु शर्मा ने सरकार व स्थानीय प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण कराने की मांग की है. छात्रों का कहना है कि यदि स्थाई निर्माण में समय लग रहा है, तो वर्तमान में जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था की जाये ताकि उनका आना-जाना सुगम हो सके. मौके पर पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने जाम हटाया. छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलनिकासी और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन को विवश होंगे.
फुलवरिया में सड़क की बदहाल स्थिति पर फूटा छात्रों का गुस्सा, चक्का जाम कर किया प्रदर्शन
फुलवरिया के सेमरा-बथुआ मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से परेशान छात्रों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग की है।

सेमरा-बथुआ मुख्य पथ को जाम कर प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं | Prabhat Khabar Network