Gopalganj News : जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में ट्रैक्टर की टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि धारदार हथियारों से हुए हमले में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिनोद कुमार का ट्रैक्टर अनजाने में अजय कुमार को धक्का लग गया. इस बात का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई.
हमले में बिशुनपुरा गांव के पांच लोग घायल
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बिनोद कुमार, विकास कुमार, आकाश कुमार, अजय कुमार समेत अन्य लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने तलवार और फरसा जैसे धारदार हथियारों से वार किए, जिसमें विक्की कुमार (28), रंजन कुमार (20), नंदलाल साह (64), छटू लाल साह और दिलीप कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायल बिशुनपुरा गांव के निवासी हैं.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
मामले की जांच की जा रही
इस संबंध में सिधवलिया थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बिहार में होगा 6000 करोड़ रुपये का निवेश, लगेंगी 29 फैक्ट्रियां, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
