Sant Ravidas Jayanti: संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को प्रखंड की उचकागांव पंचायत में कलश यात्रा निकाली गयी. प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार पंडित, सीडीपीओ शिवम कुमार और भाजपा 20 सूत्री के अध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
बीडीओ मनोज कुमार पंडित ने बताया कि विभाग की ओर से कलश भेजे गये थे. इनमें से आठ अलग-अलग कलश विकास मित्रों को सौंपे गये हैं. ये कलश गांव-गांव घूमकर दलित बस्तियों में सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का संदेश देंगे.
सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश
लोगों को संबोधित करते हुए बीडीओ मनोज कुमार पंडित ने कहा कि जब कोई व्यक्ति संत हो जाता है तो वह किसी जाति या मजहब तक सीमित नहीं रहता. संतों की बातों को हर जाति और हर मजहब के लोग अपनाते हैं. संत रविदास जी भी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अपने विचार व्यक्त करते रहे. उनकी कलश यात्रा से समाज में सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संचार होगा.
जनकल्याणकारी योजनाओं की भी दी जाएगी जानकारी
कलश यात्रा के दौरान क्षेत्र के लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी विकास मित्रों द्वारा दी जाएगी. इसके माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाएगा.
मौके पर सीडीपीओ शिवम कुमार, रामेश्वर सिंह समेत अन्य लोगों ने संत रविदास जी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
