गोपालगंज: दुष्कर्म मामले का फरार आरोपित पांच साल बाद गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

गोपालगंज पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में पांच साल से फरार चल रहे एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए आरोपी दीपक पांडेय को धर दबोचा.

Gopalganj News : भोरे पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुष्कर्म के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के बलिया गांव निवासी विरेन्द्र पांडेयय के पुत्र दीपक पांडेय के रूप में की गयी है. मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार दीपक पांडेय पर साल 2021 में मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था. पुलिस पिछले पांच साल से उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वह हर बार भागने में सफल हो जाता था.

विशेष टीम ने जाल बिछाकर दबोचा

थानाध्यक्ष के निर्देश पर फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए गठित एक विशेष टीम लगातार तकनीकी इनपुट और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए उस पर नजर रख रही थी. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी गुपचुप तरीके से इलाके में आया हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और जाल बिछाकर अभियुक्त को धर दबोचा.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि यह मामला पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था. पांच साल के लंबे इंतजार के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की गयी. आरोपी की चिकित्सीय जांच कराने के बाद उसे गोपालगंज न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Suresh rai

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >