Gopalganj Bulldozer Action: फुलवरिया प्रखंड कार्यालय के समक्ष गुरुवार को बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में भाकपा माले की ओर से भूख हड़ताल शुरू की गयी. अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में गरीबों और मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया गया.
गरीबों के हितों की अनदेखी का लगाया आरोप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माले राज्य कमेटी सदस्य रविंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि सरकार गरीब और मजदूर वर्ग के हितों की अनदेखी कर रही है. उन्होंने गरीबों के राशन कार्ड से नाम हटाये जाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को राहत देने के बजाय उन पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता माले प्रखंड अध्यक्ष श्रीराम शर्मा ने की. उन्होंने वर्तमान सरकारी व्यवस्था को गरीब विरोधी बताते हुए आंदोलनकारियों की मांगों को पूरा करने की मांग की.
नौ सूत्री मांगों को लेकर भूख हड़ताल
भूख हड़ताल के दौरान माले नेताओं ने नौ सूत्री मांगें रखीं. इनमें गरीबों को बासगीत पर्चा देने, भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने और बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग प्रमुख है. इसके अलावा राशन कार्ड से गरीबों के नाम काटने पर रोक लगाने की मांग भी उठायी गयी.
आंदोलनकारियों ने मजदूर-किसानों से सालाना 1200 रुपये टैक्स वसूली के आदेश को रद्द करने तथा ग्रामीण गरीब परिवारों को छह हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग की. नेताओं ने कहा कि गरीबों और मजदूरों की समस्याओं का समाधान होने तक उनकी आवाज उठायी जाती रहेगी.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
भूख हड़ताल और प्रदर्शन के दौरान भागीरथी पंडित, दूधनाथ राम, मेडिसेन पासवान, वीरेंद्र पासवान, हंसराज राजभर समेत कई माले कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
