Gopalganj News: फुलवरिया थाना क्षेत्र के कोयला देवा गांव में रविवार की रात चोरों ने एक सूने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. चोर नगदी के साथ सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए. सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई.
पोती के इलाज के लिए अस्पताल गया था परिवार
गृहस्वामी उमेश चौहान की पोती लंबे समय से बीमार है. उसके इलाज के लिए परिवार के अधिकांश सदस्य अस्पताल में थे. घर की देखरेख के लिए केवल उमेश चौहान की दो बेटियां और उनकी बुजुर्ग मां मौजूद थीं.
रविवार रात उन्होंने मुख्य मकान का दरवाजा बाहर से बंद कर बगल के कमरे में सोने चली गईं. इसी का फायदा उठाकर चोर देर रात घर में घुस गए और संदूक व बक्सों के ताले तोड़कर नगदी और कीमती जेवर चोरी कर फरार हो गए.
सुबह बिखरा सामान देख उड़े होश
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था. संदूक और बक्सों का सामान अस्त-व्यस्त देखकर चोरी की जानकारी हुई. इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हो गई है. पुलिस तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.
उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है.
Also Read: बिहार में सड़क हादसा हुआ तो बस 112 पर करें कॉल, मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
