Gopalganj News : उचकागांव थाना क्षेत्र के सांखे खास गांव में विदेश से लौटे एक व्यक्ति के साथ 64 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि ज्वेलर्स का कारोबार करने वाले कुछ लोगों ने रुपये लौटाने या मकान देने का झांसा देकर छह वर्षों में अलग-अलग किस्तों में 64 लाख रुपये हड़प लिए. पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
छह वर्षों में अलग-अलग किस्तों में दिए 64 लाख रुपये
प्राथमिकी के अनुसार, सांखे खास गांव निवासी श्रीकांत शर्मा ने बताया कि उन्होंने आरोपितों को छह वर्षों के दौरान अलग-अलग किस्तों में कुल 64 लाख रुपये दिए थे. लंबे समय बाद आरोपितों ने उन्हें केवल 14 लाख 87 हजार 900 रुपये ही वापस किए. जब उन्होंने शेष राशि लौटाने या वादे के अनुसार मकान उनके नाम करने की मांग की, तो आरोपितों ने इनकार कर दिया.
हिसाब मांगने पर मारपीट का भी आरोप
पीड़ित का आरोप है कि बकाया राशि का हिसाब मांगने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की. इसके बाद उन्होंने उचकागांव थाने में आवेदन देकर कार्रवाई और न्याय की मांग की.
चार आरोपितों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित श्रीकांत शर्मा के आवेदन के आधार पर तुलसिया गांव निवासी सुनील कुमार सोनी, प्रमोद कुमार सोनी उर्फ बुलेट, मंटू कुमार सोनी तथा लालबाबू सोनी उर्फ पिंटू सोनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
