Manjha Bazar Waterlogging: मांझा बाजार के नई बाजार और शिव मंदिर के समीप लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या को लेकर मंगलवार को व्यवसायियों ने स्थानीय विधायक मंजीत कुमार सिंह से मुलाकात की. व्यवसायियों ने विधायक को बाजार में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था से होने वाली परेशानियों की जानकारी दी और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की.
नाली की निकासी नहीं होने से जमा रहता है पानी
व्यवसायियों ने बताया कि नाली के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण मांझा बाजार और शिव मंदिर के आसपास अक्सर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है.
सड़क और बाजार परिसर में पानी जमा रहने से दुकानदारों के साथ राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी आवागमन में परेशानी होती है. दुकानों के सामने जलजमाव रहने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है.
गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर लोग
व्यवसायियों ने विधायक को बताया कि जलजमाव के कारण लोगों को कई बार गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. इससे आसपास गंदगी फैलने के साथ संक्रमण का खतरा भी बना रहता है.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बाजार की इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था कराने की आवश्यकता बतायी.
गंडक नहर में पानी गिराने की मांग
व्यवसायियों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक से बाजार के नाले के पानी को पास से गुजरने वाली गंडक नहर में गिराने की व्यवस्था कराने के लिए पहल करने का आग्रह किया. उनका कहना था कि यदि नाले के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था हो जाती है, तो बाजार क्षेत्र को बार-बार होने वाले जलजमाव से राहत मिल सकती है.
विधायक ने जल्द पहल का दिया आश्वासन
व्यवसायियों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक मंजीत कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों से बात कर आवश्यक पहल कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जलजमाव की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराने का प्रयास किया जायेगा, ताकि व्यवसायियों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं हो.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
