सावधान! गोपालगंज के कटेया की सड़कों पर झाड़ियों के कारण नहीं दिख रहे वाहन, हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

कटेया प्रखंड की सड़कों पर बरसात के बाद उगी झाड़ियां राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो रही हैं. इन झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों ने तत्काल सफाई की मांग की है.

Overgrown Bushes Problem: बरसात के मौसम में कटेया प्रखंड की सड़कों के किनारे उगी झाड़ियां अब राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं. प्रखंड की प्रमुख और ग्रामीण सड़कों के दोनों किनारों पर झाड़ियां तेजी से फैल रही हैं. कई स्थानों पर झाड़ियां सड़क तक पहुंच गई हैं, जिससे मोड़ और संकरी जगहों पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते. इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है.

ढोडिला चंवर के समीप हुआ हादसा

गुरुवार की सुबह रसौती-गौरा मुख्य मार्ग पर ढोडिला चंवर के समीप झाड़ियों के कारण दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में धाराहरा मेला गांव निवासी ओमप्रकाश द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया गया कि वह अपनी सरकारी शिक्षिका पत्नी को बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान सामने से गैस सिलेंडर लेकर आ रहे बाइक सवार से उनकी टक्कर हो गई.

झाड़ियों के कारण नहीं दिखे सामने से आ रहे वाहन

बताया गया कि सड़क किनारे फैली झाड़ियों की वजह से दोनों बाइक सवार एक-दूसरे को समय रहते नहीं देख सके. अचानक आमने-सामने आने के कारण दोनों बाइक में टक्कर हो गई. हादसे में ओमप्रकाश द्विवेदी के पैर की उंगलियां टूट गईं और पैर में गंभीर चोट आई. दुर्घटना के बाद राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

सड़क की चौड़ाई तक प्रभावित

ग्रामीणों का कहना है कि कटेया प्रखंड की अधिकांश सड़कों पर बरसात के बाद झाड़ियां काफी घनी हो गई हैं. कई जगहों पर झाड़ियां सड़क के किनारे से बढ़कर सड़क तक पहुंच गई हैं. इससे सड़क की चौड़ाई भी प्रभावित हो रही है. बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मोड़ वाले स्थानों पर स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते.

मेंटेनेंस के बावजूद नहीं हो रही झाड़ियों की कटाई

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान संवेदक को तय अवधि तक सड़क के रखरखाव और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी दी जाती है. इसके बावजूद सड़क किनारे उगी झाड़ियों की नियमित कटाई नहीं कराई जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते झाड़ियों की सफाई नहीं होने से सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.

ग्रामीणों ने तत्काल सफाई की मांग की

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से कटेया प्रखंड की सभी प्रमुख एवं ग्रामीण सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल कटाई और सफाई कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते झाड़ियों को नहीं हटाया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. विभाग को इस दिशा में जल्द कार्रवाई करनी चाहिए.

Also Read: '5000 परिवारों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाया', आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री बोले- अमित शाह से हो रही बात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >