गोपालगंज: जदयू ने शुरू की विधान परिषद चुनाव की तैयारी, आनंद पुष्कर होंगे सारण शिक्षक सीट से एनडीए प्रत्याशी

आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर जदयू ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई है. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर एनडीए के समर्थित प्रत्याशी होंगे.

Vidhan Parishad Chunav: आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर जदयू ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. गोपालगंज जिला जदयू कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में सोमवार को प्रखंड कार्यकारिणी और पंचायत अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष धर्मराज प्रसाद सिंह ने की.

बैठक में मुख्य अतिथि जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल समेत अन्य नेताओं और पंचायत अध्यक्षों का अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला से स्वागत किया गया. बैठक में पंचायत और बूथ स्तर पर कमेटी के गठन के साथ आगामी चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने पर चर्चा हुई.

पंचायत और बूथ स्तर पर बनेगी कमेटी

जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल ने कहा कि पंचायत और बूथ स्तर पर कमेटी गठन में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरण का ध्यान रखा जाए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि पार्टी के सर्वमान्य नेता, राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार का मिशन बिहार को देश का नंबर वन राज्य बनाना है. उनके द्वारा किये गये विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जरूरत है.

निशांत कुमार को लेकर जिलाध्यक्ष ने कही ये बात

प्रमोद पटेल ने कहा कि निशांत कुमार पार्टी और राज्य के भविष्य हैं. उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के राजनीतिक उत्तराधिकारी निशांत कुमार हैं और इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है.

जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार है और नीतीश कुमार के कार्यों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी में जुटने की अपील की.

आनंद पुष्कर होंगे एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी

बैठक के दौरान प्रमोद कुमार पटेल ने घोषणा की कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी होंगे.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से संपर्क अभियान शुरू करने की अपील की. जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछले विधान परिषद चुनाव में आनंद पुष्कर बहुत कम मतों के अंतर से चुनाव हारे थे.

उन्होंने दावा किया कि इस बार एनडीए समर्थित प्रत्याशी के रूप में आनंद पुष्कर के चुनाव मैदान में उतरने से उनकी जीत निश्चित है.

कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी तैयारी में जुटने का निर्देश

बैठक में जदयू नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाये रखने को कहा. नेताओं ने कहा कि चुनाव की तैयारी अंतिम समय में करने के बजाय अभी से संगठन को सक्रिय किया जाना जरूरी है.

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक को प्रखंड अध्यक्ष धर्मराज प्रसाद सिंह, साहेबजाद अली, राधेश्याम साहनी, अरविंद पटेल, मोहम्मद तौहीद, नीतीश कुमार सिंह, रंजन कुमार पटेल सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया.

पंचायत अध्यक्ष अशोक राम, विशाल सिंह, सुरेंद्र राम, बल्लभ प्रसाद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे. बैठक में बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >