गोपालगंज: हथुआ जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, विधायक-सांसद से मिलेगा नागरिक मंच

गोपालगंज के हथुआ रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव और सुविधाओं में विस्तार की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का आंदोलन अब तेज हो गया है. नागरिक अधिकार मंच ने इस मामले में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आवाज उठाने का निर्णय लिया है.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के हथुआ रेलवे जंक्शन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं में विस्तार की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों का आंदोलन अब तेज होने लगा है. इस सिलसिले में मीरगंज नागरिक अधिकार मंच की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई. बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और मंच के सदस्यों ने भाग लिया, जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति पर काफी गंभीर चर्चा की गयी.

रणनीति पर हुई चर्चा

नागरिक अधिकार मंच के बैनर तले बीते 6 जुलाई को हथुआ जंक्शन पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया था. इस धरने के माध्यम से प्रशासन और रेलवे का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया था. उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब मंच ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया है, ताकि समस्या का जल्द निवारण हो सके.

सांसद-विधायक से मिलेंगे सदस्य

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि स्थानीय विधायक और गोपालगंज के सांसद को सबसे पहले डाक के माध्यम से एक विस्तृत मांग पत्र भेजा जायेगा. इसके बाद मंच का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही विधायक और सांसद से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेगा. इस दौरान उन्हें अपनी मांगों का एक और ज्ञापन सौंपा जायेगा और क्षेत्र की इस जायज मांग पर त्वरित कार्रवाई के लिए दबाव बनाया जाएगा.

उग्र आंदोलन की चेतावनी

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि हथुआ जंक्शन से होकर कई महत्वपूर्ण ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन यहां ठहराव न होने के कारण स्थानीय यात्रियों, व्यापारियों और छात्रों को लंबी दूरी की यात्रा करने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. नागरिक अधिकार मंच ने स्पष्ट किया है कि यदि रेलवे प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाये गये, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जायेगा.

Also Read: गोपालगंज में बाजार जाते समय गंडक नहर में गिरा युवक, एक दिन बाद मिला शव


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prashant pathak

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >