Smart Meter Electricity Recharge: स्मार्ट मीटर में रिचार्ज खत्म होने के बाद बिजली कटने और दोबारा रिचार्ज करने के बावजूद घंटों तक बिजली बहाल नहीं होने की शिकायत को लेकर उपभोक्ता परेशान हैं. शहर के बंजारी मोड़ इलाके के उपभोक्ता राजन गुप्ता ने स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मीटर में रिचार्ज कराने के बाद भी लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती है. कई बार रिचार्ज का मैसेज भी घंटों बाद मोबाइल पर प्राप्त होता है.
रिचार्ज के बाद भी बिजली नहीं आने से परेशानी
उपभोक्ता राजन गुप्ता का कहना है कि बिजली की जरूरत के समय अचानक स्मार्ट मीटर का बैलेंस खत्म होने पर आपूर्ति बंद हो जाती है. इसके बाद तत्काल रिचार्ज कराने के बावजूद बिजली बहाल होने में काफी समय लग जाता है.
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को रिचार्ज सफल होने और बिजली आपूर्ति शुरू होने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है. खासकर रात के समय ऐसी समस्या होने पर परेशानी और बढ़ जाती है.
एसडीएम बोले- 15 मिनट में बहाल होनी चाहिए बिजली
मामले को लेकर एसडीएम ने बताया कि स्मार्ट मीटर में रिचार्ज करने के बाद 15 मिनट के अंदर बिजली आपूर्ति बहाल होने का प्रावधान है. यदि किसी उपभोक्ता को रिचार्ज के बाद घंटों तक बिजली नहीं मिल रही है या रिचार्ज का संदेश देर से प्राप्त हो रहा है, तो यह तकनीकी समस्या हो सकती है.
उन्होंने कहा कि व्यवस्था के अनुसार रिचार्ज के 15 मिनट के अंदर बिजली बहाल नहीं होने पर संबंधित समस्या की जांच करायी जायेगी.
तकनीकी खामी की होगी जांच
एसडीएम ने कहा कि उपभोक्ता की शिकायत को गंभीरता से लिया जायेगा. यदि स्मार्ट मीटर या रिचार्ज सिस्टम में किसी तरह की तकनीकी खामी सामने आती है तो उसे जल्द दूर कराने का प्रयास किया जायेगा.
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की व्यवस्था का उद्देश्य बिजली आपूर्ति और बिलिंग व्यवस्था को बेहतर बनाना है. तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए.
अब देखना होगा कि बंजारी मोड़ के उपभोक्ता की शिकायत के बाद तकनीकी स्तर पर क्या खामी सामने आती है और बिजली रिचार्ज के बाद आपूर्ति बहाल होने में लगने वाले समय की समस्या का समाधान कब तक होता है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
