Gopalganj Samrasta Abhiyan: गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर गोपालगंज जिले में “श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान” के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे. अभियान को लेकर जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने पत्रकारों को विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के निर्देश के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं.
डीएम ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना तथा संत रविदास जी के विचारों एवं वाणी का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है.
18 से 20 अगस्त तक निकलेगी कलश यात्रा
अभियान के तहत 18 से 20 अगस्त 2026 तक जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर कलश यात्रा निकाली जाएगी. इन यात्राओं के माध्यम से लोगों को संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
कलश यात्रा के दौरान सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश लोगों तक पहुंचाया जायेगा.
हर गुरुवार लगेगा संत रविदास विकास शिविर
डीएम ने बताया कि 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को श्री संत रविदास विकास शिविर आयोजित किये जाएंगे. इन शिविरों का आयोजन अनुसूचित जाति बहुल टोलों में किया जायेगा.
शिविरों में विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का पात्र लाभुकों तक शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करने का प्रयास होगा. इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया जायेगा.
खेलकूद से लेकर प्रश्नोत्तरी तक होंगी प्रतियोगिताएं
अभियान के तहत जिला स्तर पर कई प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा. इनमें खेल-कूद प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद, निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता शामिल हैं.
इसके साथ ही युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए थ्री-डी प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और इंडस्ट्री 4.0 से संबंधित कौशल प्रशिक्षण भी दिया जायेगा.
आवासीय विद्यालयों में होगा प्रेरणा सत्र
डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों में डीएम और एसपी की ओर से प्रेरणा सत्र आयोजित किये जाएंगे. इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, समानता और सामाजिक समरसता के महत्व की जानकारी दी जायेगी.
पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी लक्ष्य
डीएम समीर सौरभ ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं है. इसका वास्तविक उद्देश्य संत रविदास जी के समानता और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के सभी कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
