गोपालगंज में अज्ञात वाहन ने किसान को रौंदा, मौके पर मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने SH-90 किया जाम

Gopalganj Road Accident: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल है. आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर घंटों जाम लगाकर प्रदर्शन किया.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 63 वर्षीय बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत हो गई. यह भीषण सड़क हादसा स्टेट हाईवे 90 (SH-90) पर पकड़ी मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप घटित हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

पिता की मौत, बेटी घायल

इस सड़क हादसे में दिघवा दीघा टोला गांव निवासी शुबलाल प्रसाद के 63 वर्षीय अधेड़ पुत्र आनंद प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं उनके साथ जा रही उनकी 20 वर्षीया बेटी शिला कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना करीब पांच बजे सुबह की है जब आनंद प्रसाद अपनी बेटी शिला के साथ रोजाना की तरह खेती कार्य के लिए घर से निकले थे.

टक्कर मारकर वाहन फरार

जब दोनों सड़क होकर अपने खेत की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने दोनों को सीधी टक्कर मार दी. घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से तेजी से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घायल अवस्था में दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल में किया मृत घोषित

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद आनंद प्रसाद को मृत घोषित कर दिया. वहीं, उनकी घायल बेटी शिला कुमारी का प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बतायी है. किसान की मौत की आधिकारिक सूचना मिलते ही ग्रामीणों और स्थानीय किसानों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश फैल गया.

हाईवे पर शव रख बवाल

अस्पताल से घर लौट कर मृतक के परिजनों व आक्रोशित ग्रामीणों ने एसएच-90 पर किसान का शव बीच सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह जाम कर दिया. उग्र ग्रामीण उचित कानूनी कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने व अज्ञात वाहन चालक की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करने लगे. आए दिन हो रही इन सड़क दुर्घटनाओं से गुस्साए लोगों ने जमकर बवाल काटा.

घंटों मस्कत के बाद जाम हटा

सड़क जाम और उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाने के पुलिस पदाधिकारी महेश पासवान व सुनील कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. आक्रोशित लोगों को शांत कराने में पुलिस के पसीने छूट गए और काफी देर तक मान-मनौवल करना पड़ा. घंटों चले भारी बवाल के बाद पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझाकर जाम हटवाया.

परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने सुरक्षित सरकारी गाड़ी से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवाया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटने पर एसएच-90 पर वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका. उधर, किसान की मौत की खबर मिलने के साथ ही परिजनों में चीत्कार मच गयी. मृतक की पत्नी प्रभावती देवी, बेटा मुकेश प्रसाद, बड़े भाई शिवजी प्रसाद, भौजाई रामरत्ती देवी व उमेश प्रसाद आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बेटी के सामने तोड़ा दम

सुबह खेतों में काम करने के लिए आनंद प्रसाद अपनी बेटी शीला के साथ घर से बड़ी उम्मीद व उत्साह के साथ निकले थे. लेकिन जैसे ही वे हाइवे पर पहुंचे, मौत बनकर पहुंची एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया. बेटी के आंखों के सामने ही उसके बेबस पिता ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जिससे बेटी गहरे सदमे में है. थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: गोपालगंज में गंडक नहर में गिरी स्कॉर्पियो, बारिश के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish raj

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >