Gopalganj News : अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए गोपालगंज पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘सुपर पेट्रोलिंग अभियान’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने देर रात उचकागांव, मीरगंज समेत विभिन्न थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. अभियान का उद्देश्य रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाना और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता परखना है.
जदोपुर से थावे तक पुलिस ड्यूटी की जांच
इसी क्रम में पुलिस निरीक्षक सह पर्यवेक्षी पदाधिकारी (विजयीपुर) ने जिले के संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने जादोपुर, नगर थाना, थावे तथा ईवीएम वेयरहाउस में तैनात संतरी ड्यूटी, रात्रि गश्ती और ओडी पदाधिकारियों की उपस्थिति व कार्यप्रणाली का जायजा लिया. ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करते हुए ड्यूटी पर तैनात जवानों को हर समय सतर्क रहने का निर्देश दिया गया.
चार थाना क्षेत्रों में गश्ती व्यवस्था का औचक निरीक्षण
दूसरी ओर, अनुसूचित जाति/जनजाति थाना के थानाध्यक्ष ने भी अपने आवंटित क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया. उन्होंने श्रीपुर, मीरगंज, फुलवरिया और उचकागांव थाना क्षेत्रों के विभिन्न रास्तों पर गश्ती व्यवस्था और ओडी पदाधिकारियों का औचक निरीक्षण किया.
सड़कों पर गश्ती वाहनों को रोककर हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़कों पर गश्त कर रहे वाहनों को रुकवाकर उनमें तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति की जांच की. साथ ही सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार गश्त करने और ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.
आम लोगों की सुरक्षा पर विशेष जोर
पुलिस पदाधिकारियों ने गश्ती दलों को निर्देश दिया कि रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें. पुलिस प्रशासन के अनुसार जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘सुपर पेट्रोलिंग अभियान’ आगे भी लगातार जारी रहेगा.
