Pink Scooty Didi: स्कूल-कॉलेज की छात्राओं से छेड़खानी, फब्तियां कसने या किसी तरह की परेशानी की शिकायत अब पुलिस तक पहुंचने में देर नहीं होगी. एसपी विनय तिवारी की पहल पर छात्राओं की सुरक्षा के लिए पिंक स्कूटी दीदी पुलिस टीम का गठन किया गया है. ‘अभया ब्रिगेड’ व्यवस्था के तहत सूचना मिलते ही पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करेगी.
इस व्यवस्था के तहत जिले के स्कूल-कॉलेजों से दो-दो छात्राओं को ‘लीडर’ बनाया गया है. इन छात्राओं के माध्यम से संबंधित स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाली अन्य छात्राएं अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकेंगी. किसी छात्रा के साथ छेड़खानी, पीछा करने, फब्तियां कसने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्कूल लीडर इसकी सूचना विशेष व्हाट्सएप ग्रुप में देंगी. ग्रुप में मैसेज मिलते ही संबंधित पुलिस टीम को इसकी जानकारी दी जाएगी और टीम तत्काल मौके के लिए रवाना होगी.
सादे लिबास में पहुंचेगी पुलिस, पिंक स्कूटी टीम करेगी पूछताछ
एसपी विनय तिवारी ने बताया कि छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए कार्रवाई करने वाली महिला पुलिस टीम सादे लिबास में मौके पर पहुंचेगी. इससे मनचलों को पुलिस की मौजूदगी का पहले से अंदाजा नहीं लगेगा और कार्रवाई प्रभावी तरीके से की जा सकेगी.
संबंधित थाने में मौजूद अभया ब्रिगेड की पिंक स्कूटी टीम भी मौके पर पहुंचेगी. टीम छात्राओं से घटना की जानकारी लेकर आवश्यक पूछताछ करेगी. जरूरत के अनुसार पिंक स्कूटी टीम आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को भी जानकारी देगी. स्कूल-कॉलेज के आसपास छात्राओं को परेशान करने वाले युवकों की गतिविधियों पर भी पुलिस नजर रखेगी.
दोनों स्कूल लीडर की पहचान रखी जाएगी गोपनीय
इस व्यवस्था में स्कूल लीडर की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. पुलिस को सूचना देने वाली दोनों छात्राओं के नाम-पते और उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी. उनकी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि उन पर किसी तरह का दबाव या डर न बने.
छात्राएं बिना अपनी पहचान उजागर किए अपनी परेशानी पुलिस तक पहुंचा सकेंगी. इस पूरी व्यवस्था की निगरानी जिला सूचना इकाई की टीम कर रही है.
