गोपालगंज में हादसे के बाद वृद्ध की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद सौंपा

Gopalganj News : सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से बढ़ाई गश्ती की मांग

Gopalganj News (अखिल कुमार) : मांझा थाना क्षेत्र के सिवान-सरफरा स्टेट हाइवे पर हुए सड़क हादसे में घायल साइकिल सवार वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया.वहीं हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.मृतक की पहचान मांझा थाना क्षेत्र के धर्मपरसा अहीर टोली वार्ड संख्या-1 निवासी 55 वर्षीय जनार्दन यादव के रूप में की गई है.

टक्कर के बाद चालक मौके से भागा

जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह जनार्दन यादव साइकिल से विशंभरापुर बाजार जा रहे थे. बताया जाता है कि वे घर के कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए निकले थे. इसी दौरान जब वे विशम्भरपुर गांव के समीप सिवान-सरफरा स्टेट हाइवे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि जनार्दन यादव साइकिल समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया.

गुरुवार को वृद्ध ने दम तोड़ा

घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल वृद्ध को संभाला तथा घटना की सूचना उनके स्वजनों को दी. हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल जनार्दन यादव को इलाज के लिए पहले स्थानीय स्तर पर ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिवान स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था.परिजन लगातार उनके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे थे.चिकित्सकों ने भी उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. पत्नी, पुत्र और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते नजर आए.

ग्रामीणों ने जताई चिंता

स्थानीय लोगों ने बताया कि सीवान-सरफरा स्टेट हाइवे पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं. सड़क पर वाहनों की तेज गति के कारण लोगों में भय बना रहता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर नियमित गश्ती बढ़ाने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. इधर जनार्दन यादव के अंतिम संस्कार की तैयारी स्वजनों द्वारा की जा रही थी. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. हर किसी की जुबान पर सिर्फ यही चर्चा थी कि एक तेज रफ्तार बाइक ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं.

Also Read : हथियार उठाते ही गिरे रबजान मियां, कुर्बानी के दौरान हार्ट अटैक से मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >