बैकुंठपुर. प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में भाषा एवं गणित विषय में कमजोर बच्चों के शैक्षणिक विकास को लेकर गुरुवार को बीआरसी भवन में विशेष बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में प्रखंड के सभी नामित शिक्षक, प्रधानाध्यापक एवं संकुल संसाधन केंद्र के नोडल शिक्षक शामिल हुए.
10 से 15 बच्चों पर एक स्वयंसेवक का होगा चयन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीइओ आशा कुमारी ने कहा कि विद्यालयों में एफएलएन मॉड्यूल के तहत वर्ग चतुर्थ, पंचम एवं षष्टम के कमजोर बच्चों के लिए उपचारात्मक शिक्षा संचालित की जा रही है. उन्होंने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग ने एक जून से 30 जून तक विशेष समर कैंप चलाने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक मध्य विद्यालय स्तर पर 10 से 15 बच्चों पर एक स्वयंसेवक का चयन किया जायेगा. ये स्वयंसेवक भाषा एवं गणित में कमजोर बच्चों को एफएलएन मॉड्यूल के माध्यम से पढ़ायेंगे. नामित शिक्षकों को अपने-अपने विद्यालय के पोषक क्षेत्र में इच्छुक स्वयंसेवकों को जागरूक कर चयन प्रक्रिया में शामिल कराने का निर्देश दिया गया. बीइओ ने बताया कि 20 मई से 22 मई तक विद्यालय स्तर पर स्वयंसेवकों का चयन कर उसकी रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजनी होगी. वहीं 30 जून के बाद विद्यालयों में अभिभावकों के साथ समारोह आयोजित कर स्वयंसेवकों की उपलब्धियों को साझा किया जायेगा. जुलाई माह में मिडलाइन एवं बेसलाइन टेस्ट आयोजित होगा, जिसमें एक विद्यालय के शिक्षक दूसरे विद्यालय में जाकर परीक्षा लेंगे. इस मौके पर शिक्षक ब्रजेश कुमार सिंह, मो. नईम, अनीश कुमार, पंकज कुमार, मुरलीधर कुमार, विनय कुमार, नवील अहमद, महफूज अकबर, ताज मोहम्मद, उषा कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.
