Gopalganj News: (मनीष राज ) बिहार सरकार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पंचायत स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से 19 मई से विशेष पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन करने जा रही है.
इस शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे.
क्या-क्या सुविधा मिलने वाली हैं शिविर में
मौके पर ही शिकायतों के निष्पादन का प्रयास किया जाएगा. राजस्व विभाग से जुड़े दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र की समस्याएं हों या फिर राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, जलापूर्ति, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें सभी मामलों की सुनवाई शिविर में की जाएगी.
सरकार की मंशा क्या हैं?
सरकार की मंशा है कि आम लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं उनके गांव और पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि पारदर्शिता बढ़े और लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके. प्रशासन की ओर से सभी पंचायतवासियों से अपील की गई है.
वे निर्धारित तिथि को अपने पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं. इन शिविरों के जरिए सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुनवाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है.
अधिकारियों ने शिविर के बारें में क्या कहा?
अधिकारियों का कहना है कि शिविर के दौरान प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे. वही सदर एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे ये विशेष सहयोग शिविर ग्रामीण जनता के लिए काफी राहत भरे साबित हो सकते हैं.
सरकार और प्रशासन की कोशिश है कि लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान घर के नजदीक ही मिल सके और योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से हर जरूरतमंद तक पहुंचे.
