(गोपालगंज से मनीष राज की रिपोर्ट)
Gopalganj News: गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे में बाइक सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया है.
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी गंगा विशुन भगत के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
बाइक सवार दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल
हादसे में बाइक चला रहे दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया.
पुलिस जांच में जुटी, बाइक जब्त
घटना की सूचना मिलते ही बरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
